राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना
आजमगढ़। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
आजमगढ़। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने घटना को आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आजमगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि पहले भी लोगों की यह धारणा रही है कि कुछ लोग धर्म से अधिक धन पर ध्यान देते हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक है और श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार अयोध्या को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, तो फिर ऐसी घटना कैसे हो गई। उन्होंने कहा कि यदि सूचना तंत्र प्रभावी होता, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि विभिन्न समाजों और श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में दिए गए दान और बहुमूल्य वस्तुओं को लेकर जो जानकारी सामने आ रही है, उससे लोगों में चिंता बढ़ी है। उनका कहना था कि आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस बीच, सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सच्ची आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि अयोध्या के सनातन गौरव, आस्था और श्रद्धा को और अधिक सशक्त रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही हैं।