पश्चिमी कनाडा में बेकाबू जंगल की आग, हजारों लोगों को घर खाली करने का आदेश
ब्रिटिश कोलंबिया: पश्चिमी कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में जंगल की भीषण आग ने
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
ब्रिटिश कोलंबिया: पश्चिमी कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में जंगल की भीषण आग ने विकराल रूप ले लिया है। दूरदराज के इलाकों में तेजी से फैल रही बाल्ड रेंज की आग का दायरा बढ़कर 95 वर्ग किलोमीटर से अधिक हो गया है। आग के तेजी से फैलने के कारण हजारों लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
बीसी वाइल्डफायर सर्विस के मुताबिक, आग ब्रिटिश कोलंबिया के समरलैंड और ओकानागन-सिमिलकामीन क्षेत्र में तेजी से फैल रही है। अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। आग की भयावहता को देखते हुए कई इलाकों में आपातकालीन कदम उठाए गए हैं।
करीब 12 हजार की आबादी वाले समरलैंड में लोगों को घर खाली करने का आदेश जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। इसके अलावा ओकानागन, पीचलैंड और ओकानागन-सिमिलकामीन क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी लोगों को तत्काल घर खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
ओकानागन-सिमिलकामीन क्षेत्रीय जिले के आपातकालीन सेवा अधिकारी एरिक थॉम्पसन ने कहा कि आग के लिहाज से संवेदनशील इस क्षेत्र में उन्होंने इतनी तेजी से और इतने बड़े पैमाने पर आग को फैलते पहले कभी नहीं देखा।
अधिकारियों ने कुछ अन्य इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल घर खाली करने की तैयारी रखने को कहा है। आग के लगातार फैलने से स्थानीय प्रशासन और दमकलकर्मी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।