अलका याग्निक को पद्म भूषण सम्मान, भावुक पोस्ट में जताया आभार
नई दिल्ली। मशहूर पार्श्वगायिका अलका याग्निक को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। मशहूर पार्श्वगायिका अलका याग्निक को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार प्रदान किए।
सम्मान मिलने के बाद अलका याग्निक ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ वर्षों से वह सार्वजनिक जीवन और सोशल मीडिया से दूर थीं, क्योंकि इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने प्रशंसकों के निरंतर समर्थन, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद भी दिया।
गायिका ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गर्व और विनम्रता का क्षण है। उन्होंने इसे केवल अपनी उपलब्धि नहीं, बल्कि उन करोड़ों श्रोताओं की भी उपलब्धि बताया, जिन्होंने उनकी आवाज़ और गीतों को वर्षों तक अपनाया और संजोया है।
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पूर्व अलका याग्निक ने बताया था कि वह सेंसरी न्यूरल हियरिंग लॉस नामक स्वास्थ्य समस्या से जूझ रही हैं, जिसमें सुनने की क्षमता प्रभावित हो जाती है। इसके बावजूद संगीत के क्षेत्र में उनका योगदान और लोकप्रियता लगातार बनी रही।
अलका याग्निक भारतीय संगीत जगत की उन चुनिंदा गायिकाओं में शामिल हैं, जिन्होंने दशकों तक अपनी आवाज़ से फिल्मी संगीत को नई पहचान दी है।