ट्रैक्टर-ट्राली और पिकअप की भिड़ंत में युवक की मौत, छह घायल; एक मेरठ रेफर
मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंगरा के पास गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्राली
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंगरा के पास गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्राली और पिकअप की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को आयुष्मान अस्पताल झिंझाना में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान 25 वर्षीय फुरकान ने दम तोड़ दिया। वहीं, नईम की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
मुजफ्फरनगर के हुसैनाबाद भनवाड़ा निवासी फुरकान पुत्र सुब्हान अपने साथियों नईम पुत्र नजाकत, जब्बार पुत्र मुनफेद, शाहिद पुत्र खिलाफत, रमजान पुत्र नफीस और सलीम समेत सात लोग ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर सिंगरा के पास पुराल लेने आ रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राली को सरफराज पुत्र नजाकत चला रहा था। सिंगरा गांव के कट से मेरठ-करनाल हाईवे पर चढ़ते समय करनाल की ओर से तेज गति से आ रही पिकअप ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली सवार सभी सात लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान फुरकान की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
मृतक के भतीजे मुजम्मिल ने बताया कि फुरकान चार भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और अभी कोई संतान नहीं थी। परिवार के लोग मजदूरी करने के साथ खेतीबाड़ी भी करते हैं। फुरकान की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली और पिकअप को कब्जे में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक मामले में तहरीर नहीं दी गई थी।