शामली में गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद आक्रोश, अखिलेश यादव ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
शामली। हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के बाद शामली और आसपास के क्षेत्र में
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
शामली। हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के बाद शामली और आसपास के क्षेत्र में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में युवाओं ने सड़क पर उतरकर रास्ता रोक दिया और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी अंकित बालियान हत्याकांड पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है।
अखिलेश यादव ने पोस्ट में बताया कि मृतक की मां द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर अपनी मांग बुलंद की है और पूरा जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है।
सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है। उन्होंने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए सरकार से अपराधियों का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
उधर, पुलिस अधीक्षक की ओर से मामले में मीडिया को आधिकारिक बयान भी दिया गया है। पुलिस घटना की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है। हत्याकांड के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि हत्याकांड के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।