अंकित हत्याकांड: पंचायत ने बनाई आगे की रणनीति, नरेश टिकैत ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से की बंद कमरे में वार्ता
पिता बोले- बेटे की हत्या का अभी अधूरा इंसाफ, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
बनती खेड़ा। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर बृहस्पतिवार को गांव बनती खेड़ा में उनके पिता सत्यवीर चौधरी की ओर से पंचायत बुलाई गई। पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत समेत कई प्रमुख लोग शामिल हुए। शाम करीब 5:15 बजे नरेश टिकैत अंकित के घर पहुंचे और परिजनों व पंचायत में मौजूद लोगों से मामले को लेकर बातचीत की।
पंचायत में जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी, प्रभात मलिक, आशीष चौधरी और विदेश मलिक समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान नरेश टिकैत ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ उन्होंने अलग कमरे में बंद कमरे में वार्ता की। इस दौरान हत्याकांड में आगे की कार्रवाई और रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
शुक्रवार को खाप चौधरियों की बैठक
वार्ता के बाद नरेश टिकैत ने बताया कि शुक्रवार शाम पांच बजे सभी खाप चौधरियों की बैठक बुलाई गई है। इसमें अंकित हत्याकांड को लेकर आगे की रणनीति और कार्रवाई पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत में आगे की कार्रवाई को लेकर सर्वसम्मति से विचार-विमर्श हुआ है।
जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ने भी कहा कि शुक्रवार की बैठक में पूरे मामले को खाप चौधरियों के सामने रखा जाएगा। इसके बाद आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।
पिता ने कहा- 18 गोलियां मारने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
अंकित बालियान के पिता सत्यवीर चौधरी ने कहा कि उनके बेटे की जिस बेरहमी से हत्या की गई, उसका पूरा इंसाफ अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने दावा किया कि अंकित को 18 गोलियां मारी गई थीं। पिता ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि परिवार को अभी अधूरा इंसाफ मिला है। जब तक मामले में शामिल सभी दोषियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक परिवार की पीड़ा कम नहीं होगी। पंचायत में मौजूद लोगों ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
खाप चौधरियों की बैठक पर नजर
बनती खेड़ा में हुई पंचायत और नरेश टिकैत की मौजूदगी में हुई वार्ता के बाद अब शुक्रवार को होने वाली खाप चौधरियों की बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं। बैठक में विभिन्न खापों के चौधरी मामले पर चर्चा करेंगे। इसके बाद आंदोलन या आगे की कार्रवाई को लेकर कोई बड़ा निर्णय लिए जाने की संभावना है।