पेपर लीक पर अखिलेश का सरकार पर हमला, बोले- पहले बताएं कितनी हुईं गिरफ्तारियां
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पेपर लीक संशोधन विधेयक पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार पहले बताए मौजूदा कानून के तहत कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि यूपी में 20 से अधिक पेपर लीक हुए, लेकिन दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पेपर लीक रोकने के लिए लाए गए पब्लिक एग्ज़ामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर केंद्र सरकार को घेरते हुए सवाल उठाए कि मौजूदा कानून के तहत अब तक कितने आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे अधिक पेपर लीक की घटनाएं भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि केवल उत्तर प्रदेश में ही 20 से अधिक पेपर लीक के मामले सामने आए, लेकिन सरकार बताए कि इनमें कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई और कितनों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार और उसकी पार्टी के लोग ही ऐसे मामलों में शामिल हों, तो केवल कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ते आक्रोश का कारण यही है कि बार-बार पेपर लीक होने के बावजूद दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है कि मंगलवार को लोकसभा में पब्लिक एग्ज़ामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया गया। विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया, जबकि केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने वाला ऐतिहासिक कानून बताया।