सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे शत्रुघ्न सिन्हा, केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली:
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन में केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वांगचुक नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक के विरोध और देश की युवा पीढ़ी (जेन-ज़ी) के समर्थन में शांतिपूर्ण आमरण अनशन पर बैठे हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा ने दावा किया कि वांगचुक का अनशन लगभग तीन सप्ताह से जारी है और लंबे समय से भोजन न करने के कारण उनकी तबीयत काफी नाज़ुक हो गई है।
उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मशहूर हस्तियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और देश-विदेश के कई लोगों ने भी वांगचुक के समर्थन में आवाज़ उठाई है।
टीएमसी सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें, सोनम वांगचुक की मांगों पर गंभीरता से विचार करें और आंदोलन का जल्द समाधान निकालें।
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि उनकी बेटी और बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भी गुरुवार को सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी बात रखी थी। उन्होंने लिखा, "मेरी बेटी सोनाक्षी सिन्हा ने भी इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी है, जिस पर मुझे गर्व है।"