छात्रों पर कथित लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला, प्रधानमंत्री से मांगी माफ़ी
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने
Ankit kataria

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीजेपी प्रदर्शन में शामिल छात्रों के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफ़ी मांगने और मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से छात्रों से जुड़े मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने का अनुरोध किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि इसके लिए सरकार की अनुमति आवश्यक होगी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में चर्चा से बच रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्र देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज़ सुनने के बजाय उनके साथ कथित मारपीट की जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस घटना पर चुप्पी तोड़ते हुए छात्रों से माफ़ी मांगनी चाहिए और ऐसी घटनाओं पर रोक लगानी चाहिए।
राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि छात्रों के साथ बल प्रयोग हुआ है तो इसकी जवाबदेही गृह मंत्रालय की है। उन्होंने गृह मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफ़ा देने की मांग की।
इसके बाद राहुल गांधी नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध मार्च के दौरान घायल हुए लोगों से मुलाक़ात कर उनका हालचाल जाना।
हालांकि, सरकार की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतज़ार है।