राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कांग्रेस का हमला, राहुल-खड़गे ने पीएम मोदी से मांगी स्वतंत्र जांच
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर राम मंदिर चढ़ावा मामले में स्वतंत्र जांच, ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
पत्र में दोनों नेताओं ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खातों तथा दान की राशि के उपयोग का पूरा विवरण भी लोगों के सामने रखा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ दान दिया था और कथित अनियमितताओं से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि ट्रस्ट के सभी वित्तीय लेन-देन, जिसमें नकद, सोना, चांदी और अन्य चढ़ावे शामिल हैं, की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कानूनी कार्रवाई की जाए।
उल्लेखनीय है कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले की जांच राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है। इस संबंध में विभिन्न लोगों से पूछताछ जारी है।