Politics
अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत पर सियासत तेज, विपक्ष ने सरकार से पूछे सवाल
नई दिल्ली। फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में तीन भारतीय नागरिकों की मौत के बाद भारत में राजनीतिक विवाद गहरा गया है।
8NewsNetwork
14 June 2026 at 11:34 am

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में तीन भारतीय नागरिकों की मौत के बाद भारत में राजनीतिक विवाद गहरा गया है। विपक्षी दलों ने अमेरिका के बयान और केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस घटना को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत कर भारत की ओर से कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने भारतीय नागरिकों की मौत पर चिंता जताते हुए मामले को गंभीर बताया।
हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयान में मृत भारतीयों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के बजाय सभी व्यावसायिक जहाजों को अमेरिकी सैन्य बलों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई। साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रतिबंधों और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस पर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने इसे भारत का अपमान बताते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों की मौत पर दुख जताने के बजाय अमेरिका ने चेतावनी देने का काम किया है।
वहीं कांग्रेस सांसद और पूर्व विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने भी अमेरिकी बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बयान में निर्दोष भारतीयों की मौत पर संवेदना का एक शब्द तक नहीं है। उन्होंने पूछा कि कोई मित्र और रणनीतिक साझेदार इतना असंवेदनशील कैसे हो सकता है।
घटना के बाद भारत सरकार ने अमेरिका के समक्ष औपचारिक विरोध दर्ज कराया है। इस मामले को लेकर देश में राजनीतिक बहस तेज हो गई है और विपक्ष सरकार से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग कर रहा है।
Related Category
Politics