राज्यसभा से टीएमसी सांसद कोयल मल्लिक का इस्तीफा, उपराष्ट्रपति को सौंपा त्यागपत्र
नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की राज्यसभा सांसद और प्रसिद्ध बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की राज्यसभा सांसद और प्रसिद्ध बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को सौंपा।
कोयल मल्लिक को कुछ महीने पहले ही तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए नामित किया था। बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री को संसद भेजे जाने को लेकर पार्टी ने बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की थी।
अपने इस्तीफे में कोयल मल्लिक ने लिखा, "मैं राज्यसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा देती हूं, जिसे कृपया तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने का कष्ट करें।"
उन्होंने अपने पत्र में राज्यसभा के सभापति, उपसभापति और राज्यसभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और समर्थन के लिए वह सभी की हृदय से आभारी हैं।
कोयल मल्लिक के इस्तीफे की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब तृणमूल कांग्रेस में राजनीतिक हलचल तेज है। इससे एक दिन पहले ही पार्टी के वरिष्ठ विधायक मदन मित्रा ने टीएमसी छोड़कर बागी रुख अपना लिया था। लगातार हो रहे इन घटनाक्रमों ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
हालांकि, कोयल मल्लिक के इस्तीफे के पीछे की वजह को लेकर फिलहाल टीएमसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।