भारत-नेपाल के बीच बिजली सहयोग पर अहम बैठक, ऊर्जा परियोजनाओं और ट्रांसमिशन नेटवर्क पर बनी सहमति
पोखरा: भारत और नेपाल के अधिकारियों के बीच बिजली क्षेत्र में सहयोग,
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
पोखरा: भारत और नेपाल के अधिकारियों के बीच बिजली क्षेत्र में सहयोग, बिजली व्यापार और ट्रांसमिशन परियोजनाओं को लेकर दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। भारतीय दूतावास के अनुसार, 14 और 15 जुलाई को नेपाल के पोखरा में संयुक्त संचालन समिति (Joint Steering Committee) की 13वीं बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दोनों देशों ने बिजली क्षेत्र में चल रहे सहयोग की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान जलविद्युत परियोजनाओं के विकास, सीमा पार बिजली व्यापार और ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने 400 केवी गोरखपुर-न्यू बुटवल ट्रांसमिशन लाइन सहित नई ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही भारत और नेपाल के पावर ग्रिड के समन्वित संचालन, सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास, ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में सहयोग और नेपाल के ऊर्जा विशेषज्ञों के क्षमता निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भारतीय दूतावास ने कहा कि इस बैठक में हुई चर्चाएं दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को और अधिक मजबूत करेंगी तथा भविष्य में बिजली व्यापार और संयुक्त परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।