भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर कांग्रेस का सरकार पर हमला
नई दिल्ली, 18 जुलाई। जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली, 18 जुलाई। जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार तड़के पुलिस सफदरजंग अस्पताल ले गई। इस दौरान जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस कार्रवाई पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार की आलोचना की है। पार्टी महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाना सरकार पर बढ़ते जनदबाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि वांगचुक पिछले लगभग 20 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों पर बातचीत की कोई गंभीर पहल नहीं की।
सचिन पायलट ने कहा कि यदि सरकार समय रहते संवाद शुरू कर उनकी मांगों पर विचार करती, तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। उनका आरोप है कि सरकार जिम्मेदारी से बचने के लिए वांगचुक को जबरन अस्पताल ले गई, जिससे लोगों में नाराज़गी और बढ़ सकती है।
उल्लेखनीय है कि सोनम वांगचुक 28 जून से अपनी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने हाल ही में दावा किया था कि लंबे अनशन के कारण उनके शरीर का लगभग 20 प्रतिशत वजन कम हो चुका है। फिलहाल उनका उपचार सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है।