उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते कई जिलों में जनजीवन प्रभावित
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाते हुए राहत एवं बचाव टीमों को अलर्ट रखा है।
बागेश्वर जिले के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है। उत्तराखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, रवाईखाल क्षेत्र में भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया है। मार्ग को खोलने के लिए संबंधित विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, उत्तरकाशी के भटवाड़ी क्षेत्र के पापड़गाड में बाढ़ की सूचना मिलने के बाद यूजेवीएनएल के मनेरी, जोशियाड़ा और धरासू को अलर्ट मोड पर रखा गया है। तहसील प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इससे पहले सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने दोपहर 12:21 बजे जारी एक्स पोस्ट में राज्य के कई जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान त्वरित बाढ़ (फ्लैश फ्लड) के खतरे की आशंका जताई थी। विभाग के मुताबिक, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत के कुछ हिस्सों में निम्न से मध्यम स्तर की त्वरित बाढ़ का खतरा हो सकता है।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है।
स्रोत: उत्तराखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग