रामलीला मैदान में रैली के लिए कांग्रेस को दिल्ली पुलिस की मंजूरी
25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक बुकिंग के लिए उपलब्ध रहेगा मैदान, एनओसी मिलने के बाद शुरू होगी तैयारियां
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने के लिए कांग्रेस को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है। मैदान की बुकिंग 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक के लिए उपलब्ध रहेगी। एनओसी मिलने के बाद अब कांग्रेस को रैली के आयोजन के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में प्रमाण पत्र जमा कर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि रामलीला मैदान, सीबीडी ग्राउंड और बुराड़ी ग्राउंड को प्रदर्शन स्थलों के रूप में निर्धारित किया गया है। कांग्रेस ने रामलीला मैदान की उपलब्धता को लेकर एमसीडी से संपर्क किया था। एमसीडी की ओर से मैदान के 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।
डीसीपी के अनुसार, मैदान की उपलब्धता का प्रमाण मिलने के बाद कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। पार्टी के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी आवश्यकताओं पर विचार करने के बाद पुलिस ने एनओसी जारी करने का निर्णय लिया।
अब कांग्रेस यह प्रमाण पत्र एमसीडी में जमा करेगी। रामलीला मैदान की मालिकाना एजेंसी एमसीडी है। वहां से आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्टी रैली की तैयारियां शुरू कर सकेगी। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि मैदान की बुकिंग के इच्छुक अन्य आयोजक भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर सकते हैं।