निशु आज़ाद ने मांगी पुलिस सुरक्षा, घर पर पत्थरबाजी का लगाया आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी की कार्यकर्ता निशु आज़ाद ने अपने परिवार की सुरक्षा
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
कॉकरोच जनता पार्टी की कार्यकर्ता निशु आज़ाद ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। निशु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके घर के बाहर खड़े होकर धमकी और भड़काऊ बातें कर रहे हैं।
निशु आज़ाद ने एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया कि उनके घर पर पत्थर फेंके गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की है।
मामला जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान निशु आज़ाद के पिता संजय कुमार पर हुए कथित हमले से जुड़ा है। निशु ने एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि स्वतंत्र भारद्वाज ने उनके पिता पर हमला किया था और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में कार्रवाई होनी चाहिए थी।
निशु आज़ाद के आरोपों के बाद सीजेपी की ओर से दिल्ली के संसद मार्ग थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की थी। हालांकि, घर पर पत्थरबाजी और धमकी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।