धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बाद प्रह्लाद जोशी को मिली शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बाद शिक्षा मंत्रालय का
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बाद शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंपा गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस दायित्व को पूरी निष्ठा, विनम्रता और कर्तव्यभाव के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में वह शिक्षा क्षेत्र में भी पूरी क्षमता के साथ कार्य करेंगे।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में जोशी ने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 का सफल क्रियान्वयन हुआ और शिक्षा क्षेत्र में 100 से अधिक महत्वपूर्ण सुधार किए गए। उन्होंने कहा कि देशहित को सर्वोपरि रखते हुए धर्मेंद्र प्रधान द्वारा लिया गया निर्णय उनके योगदान को कम नहीं करता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।
गौरतलब है कि प्रह्लाद जोशी वर्तमान में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री के साथ-साथ नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का भी प्रभार संभाल रहे हैं। अब उन्हें शिक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।