ईरान में गायिका परस्तू अहमदी और ‘कारवांसराय कॉन्सर्ट’ टीम को अदालत की सज़ा
तेहरान। ईरान की एक अदालत ने गायिका परस्तू अहमदी और ‘कारवांसराय कॉन्सर्ट’ से जुड़े आठ अन्य लोगों को 74 कोड़े मारने की सज़ा सुनाई है।
8NewsNetwork

ईरान की गायिका परस्तू अहमदी — ‘कारवांसराय कॉन्सर्ट’ मामले में अदालत ने 74 कोड़े, विदेश यात्रा पर रोक और कला गतिविधियों पर दो साल का प्रतिबंध लगाया।
तेहरान। ईरान की एक अदालत ने गायिका परस्तू अहमदी और ‘कारवांसराय कॉन्सर्ट’ से जुड़े आठ अन्य लोगों को 74 कोड़े मारने की सज़ा सुनाई है। इसके साथ ही सभी पर दो वर्षों तक देश छोड़ने और कला से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
यह फैसला क़ोम प्रांत की अदालत ने सुनाया। अदालत ने अपने आदेश में इस्लामी कानून की संबंधित धाराओं का हवाला देते हुए सभी दोषियों के लिए समान सज़ा तय की है। साथ ही निर्देश दिया गया कि इस फैसले को देश के मीडिया में भी प्रकाशित किया जाए।
अदालत के अनुसार, आरोपियों ने इंटरनेट पर ऐसा कंटेंट साझा किया जिससे सार्वजनिक शालीनता को नुकसान पहुंचा। मामला ‘कारवांसराय कॉन्सर्ट’ वीडियो से जुड़ा है, जिसे दिसंबर 2024 में गायिका परस्तू अहमदी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में परस्तू अहमदी बिना हिजाब के प्रस्तुति देती दिखाई दी थीं, जिसके बाद इस पर व्यापक चर्चा शुरू हो गई।
यूट्यूब पर वीडियो को अपलोड होने के कुछ घंटों के भीतर एक लाख से अधिक बार देखा गया था। बाद में इसके कई क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी साझा किए गए और अब तक इसे लाखों बार देखा जा चुका है।