Politics
चैन पुलिंग के बाद बड़ा रेल हादसा, चार यात्रियों की मौत की आशंका
धौलपुर/मुरैना, 14 जून। राजस्थान के धौलपुर और मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के हेतमपुर रेलवे स्टेशनों के बीच रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया।
8NewsNetwork
14 June 2026 at 08:26 pm

Media via 8NewsNetwork
धौलपुर/मुरैना, 14 जून। राजस्थान के धौलपुर और मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के हेतमपुर रेलवे स्टेशनों के बीच रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खजुराहो–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस में चैन पुलिंग के बाद ट्रेन रुक गई, जिसके बाद कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर पास की रेलवे लाइन पर चले गए। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए तथा करीब चार लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस के इंजन से दूसरे जनरल कोच में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (ACP) किए जाने के कारण ट्रेन बीच सेक्शन में रुक गई थी।
उन्होंने बताया कि ट्रेन रुकने के दौरान कुछ यात्री नीचे उतरकर पास की रेल लाइन पर चले गए। इसी बीच गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से यात्रियों के हताहत होने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि हादसे में करीब चार यात्रियों की मौत की आशंका है। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Related Category
Politics