दल-बदल करने वाले नेताओं पर कपिल सिब्बल की मांग के समर्थन में सीजेपी
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरव दास ने दल-बदल करने वाले सांसदों
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरव दास ने दल-बदल करने वाले सांसदों और विधायकों पर प्रतिबंध लगाने की वरिष्ठ वकील एवं राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल की मांग का समर्थन किया है।
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ऐसे सांसदों और विधायकों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए, जो किसी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव जीतने के बाद पैसे या दबाव के कारण दूसरी पार्टी में शामिल हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि कपिल सिब्बल ने ऐसे नेताओं के चुनाव लड़ने पर 10 साल का प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा है।
दास के मुताबिक, सीजेपी की ओर से पहले जारी मांग पत्र में भी दल-बदल करने वाले नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने ऐसे नेताओं को किसी भी सार्वजनिक पद पर रहने और 20 साल तक चुनाव लड़ने से रोकने की मांग की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों को तोड़ना, सांसदों को कथित तौर पर बड़ी रकम देकर अपने पक्ष में करना और निर्वाचित सरकारों को गिराना लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ धोखा है। दास ने कहा कि मौजूदा दल-बदल विरोधी कानून पुराना हो चुका है और इसमें बदलाव की जरूरत है।
वहीं, कपिल सिब्बल ने केरल में एक कार्यक्रम के दौरान संविधान की दसवीं अनुसूची को समाप्त करने की बात कही है। उनका प्रस्ताव है कि इसकी जगह ऐसा स्पष्ट प्रावधान बनाया जाए, जिसके तहत पार्टी बदलने वाले सांसदों और विधायकों की सदस्यता तत्काल समाप्त हो जाए।