जंतर-मंतर प्रदर्शन में हिंसा का आरोप, राहुल गांधी ने अमित शाह पर साधा निशाना
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जंतर-मंतर पर
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी के पिता पर कथित हमला करने वाले व्यक्ति को बचाने का आरोप लगाया है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद चर्चा में आया है।
वायरल वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज नाम के व्यक्ति को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने प्रदर्शनकारी निशु आज़ाद के पिता संजय कुमार के सिर पर हमला किया था। वीडियो में वह दावा करते नजर आ रहे हैं कि उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला बन सकता था, लेकिन दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के फोन के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
हालांकि, कपिल मिश्रा का इस आरोप पर अब तक पक्ष सामने नहीं आया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने किसी तरह के राजनीतिक हस्तक्षेप से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की गई है।
निशु आज़ाद अपने पिता संजय कुमार के साथ सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने जंतर-मंतर पहुंची थीं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद निशु ने दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें अब पुलिस से कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी से न्याय दिलाने की अपील की है।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने भी दिल्ली पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि मामले में किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।