अमेरिकी हवाई हमलों पर भड़का ईरान, संप्रभुता के उल्लंघन का लगाया आरोप
तेहरान/वॉशिंगटन। होर्मुज़ जलडमरूमध्य के निकट ईरान के सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के बीच
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
तेहरान/वॉशिंगटन। होर्मुज़ जलडमरूमध्य के निकट ईरान के सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे युद्धविराम समझौते का स्पष्ट उल्लंघन और देश की संप्रभुता पर हमला बताया है।
विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि अमेरिका अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का सम्मान नहीं करता और वादे तोड़ना उसकी नीति का हिस्सा बन चुका है। साथ ही ईरान ने अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने के अधिकार पर जोर दिया।
उधर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, रविवार को होर्मुज़ जलडमरूमध्य के पास स्थित ईरान के 10 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। अमेरिका का दावा है कि यह कार्रवाई पनामा के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर ईरान द्वारा कथित हमले के जवाब में की गई।
हालिया घटनाक्रम के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।