पेपर लीक पर वित्त मंत्री के बयान से सियासत गरम, विपक्ष ने बताया असंवेदनशील
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पेपर लीक
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पेपर लीक पर दिए गए एक बयान को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। उनके बयान के बाद कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कॉकरोच जनता पार्टी सहित कई विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में निर्मला सीतारमण ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते कार्रवाई, गिरफ्तारियां, दोबारा परीक्षा और परिणाम घोषित नहीं किए होते तो छात्रों का भविष्य प्रभावित होता। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ छात्रों ने पेपर लीक की घटना के बाद अधिक मेहनत की और बेहतर प्रदर्शन कर सफलता हासिल की।
वित्त मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने इसे असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना करार दिया। पार्टी ने कहा कि जिस पेपर लीक से लाखों छात्र प्रभावित हुए और कई युवाओं की जान चली गई, उस घटना के "फायदे" गिनाना सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े करता है।
आम आदमी पार्टी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार अब पेपर लीक के फायदे गिनाने में लगी है। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने कहा कि पेपर लीक शिक्षा व्यवस्था के लिए कैंसर बन चुका है और ऐसे समय में इस तरह के बयान चिंताजनक हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी तंज कसते हुए कहा कि यदि यही तर्क है तो फिर देश में सभी परीक्षाओं के पेपर लीक होने चाहिए।
वित्त मंत्री के बयान के बाद पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।