मरीज की मौत के बाद फ्यूचर प्लस अस्पताल में हंगामा, मारपीट के आरोप
मेरठ। मोदीपुरम के पल्लवपुरम स्थित फ्यूचर प्लस अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। अस्पताल
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
मेरठ। मोदीपुरम के पल्लवपुरम स्थित फ्यूचर प्लस अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने तीमारदारों पर स्टाफ से मारपीट और एंबुलेंस का शीशा तोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, परिजनों की ओर से भी अस्पताल में इलाज को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिसौला निवासी 50 वर्षीय हारून पुत्र अली हसन को 28 अगस्त की शाम फेफड़ों की बीमारी के उपचार के लिए फ्यूचर प्लस अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत भर्ती कराया गया था। डॉक्टर के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में मरीज की हालत गंभीर थी और उसे ऑक्सीजन पर रखकर उपचार शुरू किया गया।
अस्पताल की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे मरीज की ऑक्सीजन कम होने लगी। पहले उसे बाइपैप मशीन पर रखा गया और परिजनों की सहमति के बाद वेंटिलेटर लगाया गया। इसी दौरान मरीज के बेटे और अस्पताल के आईसीयू स्टाफ के बीच विवाद हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने मारपीट और कर्मचारियों के कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात भी कही गई है
हंगामे के बीच इलाज के दौरान हारून की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल में मौजूद तीमारदारों और स्टाफ के बीच विवाद बढ़ गया। अस्पताल प्रबंधन ने एंबुलेंस का शीशा तोड़े जाने का भी आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
बताया गया है कि इससे पहले परिजनों ने बागपत रोड स्थित एक अन्य अस्पताल के कर्मचारियों पर मरीज को एक्सपायरी इंजेक्शन लगाए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। इसके बाद मरीज को फ्यूचर प्लस अस्पताल लाया गया था। इस आरोप की भी जांच की जा रही है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मरीज की मौत के कारण और लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।