कूड़े के ढेर में अचानक हुआ विस्फोट, दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलसे
बिजनौर। वाजिदपुर गांव में रविवार शाम कूड़े के ढेर में अचानक
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
बिजनौर। वाजिदपुर गांव में रविवार शाम कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार विस्फोट होने से दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार, घायल किशोरों की पहचान वाजिदपुर निवासी करीब 17 वर्षीय रोहित और 15 वर्षीय रोहन के रूप में हुई है। दोनों भाई घास काटने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास कूड़े के ढेर में अचानक विस्फोट हो गया। दोनों किशोरों को गंभीर हालत में उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
एएसपी (पूर्वी) अमित किशोर श्रीवास्तव के मुताबिक, घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम और पुलिस की टीमें मौके पर भेजी गई हैं। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पास स्थित पटाखा फैक्ट्री का कचरा यहां फेंका गया था, जिसमें विस्फोटक सामग्री मौजूद हो सकती है।
ग्राम प्रधान मीनाक्षी देवी ने बताया कि घटनास्थल गांव से करीब एक किलोमीटर दूर है। धमाके के बाद दोनों किशोर बुरी तरह झुलसे मिले और उन्हें दिखाई देने में भी परेशानी हो रही थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।