दलीप ट्रॉफी: वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाए जाने पर हर्षा भोगले ने जताई हैरानी
दलीप ट्रॉफी 2026 में वैभव सूर्यवंशी को ईस्ट ज़ोन का उपकप्तान बनाए जाने पर हर्षा भोगले ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी प्रतिभाशाली हैं, लेकिन रेड-बॉल क्रिकेट में उनका अनुभव अभी कम है।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए ईस्ट ज़ोन टीम का उपकप्तान युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को बनाए जाने पर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि वह यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सीनियर रेड-बॉल टीम का उपकप्तान सूर्यवंशी को बनाने के पीछे क्या सोच रही होगी।
भोगले ने कहा कि सूर्यवंशी ने अब तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट की 12 पारियों में 207 रन बनाए हैं, जिनका औसत 17.25 है। उन्होंने माना कि सूर्यवंशी बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन रेड-बॉल क्रिकेट में अनुभव हासिल करने की लंबी प्रक्रिया होती है और वह अभी उसके शुरुआती दौर में हैं।
दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए घोषित 15 सदस्यीय ईस्ट ज़ोन टीम की कप्तानी ईशान किशन को सौंपी गई है, जबकि वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाया गया है। हाल ही में सूर्यवंशी ने इंग्लैंड दौरे पर भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके बाद ज़िम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करते हुए वह 'प्लेयर ऑफ द सीरीज़' भी चुने गए।
ईस्ट ज़ोन की टीम में अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी, अभिमन्यु ईश्वरन, मुकेश कुमार, शाहबाज़ अहमद और कुमार कुशाग्र जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।