स्कूल प्रबंधक ने क्लासरूम में फांसी लगाकर दी जान
थानाभवन के गांव मस्तगढ़ स्थित सरस्वती पब्लिक स्कूल के प्रबंधक
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
थानाभवन के गांव मस्तगढ़ स्थित सरस्वती पब्लिक स्कूल के प्रबंधक ने मंगलवार देर शाम स्कूल के एक क्लासरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गांव कैड़ी निवासी अजय कुमार (35) मस्तगढ़ स्थित सरस्वती पब्लिक स्कूल के प्रबंधक थे। मंगलवार को विद्यालय की छुट्टी करीब दो बजे हो गई थी। इसके बाद भी देर शाम तक अजय कुमार की कार स्कूल के बाहर खड़ी दिखाई दे रही थी। काफी देर तक कार खड़ी रहने पर ग्रामीणों को शक हुआ। कुछ ग्रामीण विद्यालय के अंदर पहुंचे तो एक क्लासरूम में अजय कुमार का शव पंखे से लटका हुआ मिला।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाभवन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। समाचार लिखे जाने तक पुलिस शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई में जुटी थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि अजय कुमार ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि अजय कुमार पिछले कई वर्षों से गांव निवासी पूरण त्यागी की बिल्डिंग में सरस्वती पब्लिक स्कूल संचालित कर रहे थे। वह स्कूल के विस्तार की तैयारी भी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने पास के गांव ठिरवा में जमीन खरीदी थी और वहां विद्यालय की नई बिल्डिंग तैयार कराने का काम चल रहा था।
घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।