सीजेपी का दावा: आंदोलन की सभी मांगें मानी गईं, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज एफआईआर होगी वापस
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार से मुलाक़ात के बाद
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार से मुलाक़ात के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि बैठक सकारात्मक रही और पिछले कुछ दिनों में हुई घटनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
रांका ने कहा कि 20 जुलाई की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन पूरे आंदोलन के दौरान दिल्ली पुलिस ने सहयोग भी किया, जिसका बैठक में उल्लेख किया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बातचीत एक नए अध्याय की शुरुआत साबित होगी।
सीजेपी प्रवक्ता के अनुसार आंदोलन से जुड़ी सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने और भविष्य में इस मामले में कोई नई एफआईआर दर्ज नहीं करने का आश्वासन भी दिया गया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े पर प्रतिक्रिया देते हुए आशुतोष रांका ने कहा कि यह केवल एक मंत्री के पद छोड़ने की घटना नहीं, बल्कि लोकतंत्र की वापसी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के अधिकारों और जिम्मेदारियों की पुनर्स्थापना का यह महत्वपूर्ण क्षण है।
रांका ने कहा कि पिछले 37 दिनों तक चला यह आंदोलन इतिहास में उस समय के रूप में दर्ज होगा, जब देश के युवा देशहित और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरे। उन्होंने आंदोलन में शामिल सभी छात्रों, युवाओं और समर्थकों का आभार भी व्यक्त किया।