पेपर लीक पर विपक्ष पर बरसे जेपी नड्डा, बोले- संसद में हो गंभीर चर्चा
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल वर्तमान सरकार के समय नहीं, बल्कि अतीत में भी कई राज्यों में होती रही हैं।
नड्डा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी विभिन्न भर्ती और बोर्ड परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जहां कांग्रेस या उसके सहयोगी दलों की सरकारें थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस गंभीर मुद्दे पर राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर संसद में विस्तृत और गंभीर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उनका कहना था कि पेपर लीक जैसे मामलों पर ठोस और दीर्घकालिक नीति बनाई जानी चाहिए, क्योंकि देश के युवाओं का भविष्य सर्वोपरि है और इसकी जिम्मेदारी सरकार के साथ-साथ विपक्ष की भी है।
जेपी नड्डा ने यह भी कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब भी प्रदर्शनकारी बातचीत के लिए आगे आएंगे, सरकार चर्चा करने को तैयार रहेगी। हालांकि, बुधवार को इस संबंध में कोई बैठक या बातचीत नहीं हुई।