राहुल गांधी के धरने पर सियासी घमासान, पवन खेड़ा ने बीजेपी नेताओं पर साधा निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के धरने को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के धरने को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी नेताओं की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और सवाल उठाया कि इस मामले में गृह मंत्री सामने आकर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं।
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा बिना सार्थक बात के काफी शोर मचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मुद्दे पर मोदी सरकार अमित शाह को बचाने के लिए एक के बाद एक केंद्रीय मंत्रियों को आगे कर रही है। खेड़ा ने कहा कि यह गृह मंत्रालय से जुड़ा मामला है और इसकी जवाबदेही गृह मंत्री की है।
दरअसल, राहुल गांधी संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे थे। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। राहुल गांधी के साथ जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्र साहिल लोचब भी मौजूद थे।
कांग्रेस का आरोप है कि साहिल लोचब 20 जुलाई को पैलेट गन से घायल हुए थे। राहुल गांधी की मांग थी कि साहिल की ओर से दी गई लिखित पुलिस शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाए।
वहीं, बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी बच्चों और छात्रों के भविष्य को नुकसान पहुंचाने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि देश संविधान, कानून और न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार चलता है।
बीजेपी ने राहुल गांधी के धरने को लेकर उन पर ‘अराजकता की राजनीति’ करने का आरोप लगाया और सवाल किया कि क्या वह कानून का सम्मान नहीं करते। इस मुद्दे को लेकर दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।