मायावती ने ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ पर उठाए सवाल, आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को बताया अनुचित
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को अनुचित बताते हुए कहा कि इससे देश में समानता स्थापित करने के संवैधानिक लक्ष्य को नुकसान पहुंच सकता है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि संविधान में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण सामाजिक भेदभाव और असमानता के कारण दिया गया है। उन्होंने कहा कि सदियों से जातिगत भेदभाव झेल रहे इन समुदायों के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
बीएसपी प्रमुख ने कहा कि आरक्षण को लेकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए, जिससे बराबरी वाला समाज बनाने के संवैधानिक उद्देश्य को नुकसान पहुंचे। उन्होंने आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गरीब लोगों की मदद के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से पहले से कई योजनाएं संचालित हैं।
मायावती के मुताबिक, यदि सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों तक सही तरीके से नहीं पहुंच रहा है, तो इसके लिए सरकारी व्यवस्था और उसमें मौजूद भ्रष्टाचार जिम्मेदार है। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग के बजाय गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।