मक्का समझौते पर पाकिस्तान की सफाई, डार बोले- किसी देश के खिलाफ नहीं है रक्षा समझौता
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने पाकिस्तान
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हुए संयुक्त रक्षा समझौते को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मक्का मुकर्रमा में 7 अगस्त 2026 को हुआ यह समझौता किसी भी देश के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को मजबूत करना है।
इसहाक़ डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि मक्का समझौता तीनों देशों के बीच लंबे समय से जारी बातचीत और सहयोग का परिणाम है। समझौते के तहत यदि तीनों में से किसी एक देश पर बाहरी सशस्त्र हमला होता है, तो उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।
डार के मुताबिक, यह प्रावधान संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत आत्मरक्षा के अधिकार के अनुरूप है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझौता पूरी तरह रक्षात्मक प्रकृति का है और इसका निशाना किसी देश को बनाना नहीं है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि यह समझौता किसी मौजूदा द्विपक्षीय या बहुपक्षीय समझौते को समाप्त नहीं करता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी देश यदि समझौते के मूल सिद्धांतों को स्वीकार करने और मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए तैयार है, तो उसके लिए भी समझौते के दरवाजे खुले हैं।