वंश कुशवाहा मौत मामले में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में हुई सुनवाई, एसपी देहात और एडीएम (ई) हुए पेश
नई दिल्ली: मेरठ के वंश कुशवाहा मौत मामले में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली: मेरठ के वंश कुशवाहा मौत मामले में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में सुनवाई हुई। एसएसपी मेरठ की ओर से एसपी देहात अभिजीत कुमार तथा कमिश्नर की ओर से एडीएम (ई) विजयवर्धन तोमर आयोग के समक्ष पेश हुए। अधिकारियों ने आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति को बताया कि कांवड़ यात्रा की ड्यूटी के चलते कमिश्नर मेरठ और एसएसपी मेरठ उपस्थित नहीं हो सके।
सुनवाई के दौरान अधिकारियों ने आयोग को बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और विवेचना जारी है। इस पर आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष एवं गंभीरता से विवेचना कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
सुनवाई में शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने आयोग को बताया कि उनके हस्तक्षेप के बाद ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज हुए एक माह बीत जाने के बावजूद आगे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, वंश कुशवाहा की मां नील प्रभा ने आयोग से शिकायत की कि थाना जानी प्रभारी और विवेचक इंस्पेक्टर विजय कुमार राय उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। आयोग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी देहात को संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 30 जून को वंश कुशवाहा के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर शोषित क्रांति दल का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत के नेतृत्व में पीड़ित परिवार के साथ राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति से मिला था।
उल्लेखनीय है कि 28 मई को मेरठ के भोले की झाल के पास रजवाहे में वंश कुशवाहा की उसके दो दोस्तों द्वारा डुबोकर हत्या कर दी गई थी। सुनवाई के दौरान वंश कुशवाहा की बहन कनिष्का कुशवाहा तथा शोषित क्रांति दल के मेरठ महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार भी मौजूद रहे।