मेरठ: ललिता गौतम हत्याकांड पर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज, हिरासत में वकील को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल
मेरठ: बीए छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन के
8NewsNetwork
Media via 8NewsNetwork
मेरठ: बीए छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलक्ट्रेट गेट के सामने सड़क पर बैठ गए और जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थान पर धरना देने का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन सड़क खाली न करने पर बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज कर रास्ता खाली कराया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
हंगामे के दौरान पुलिस ने एक वकील को हिरासत में लिया। इसी बीच मौके पर पहुंचे एसएसपी अविनाश पांडे का हिरासत में बैठे वकील को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में वकील पुलिस वाहन के भीतर फंदा लगाने का प्रयास करता भी दिखाई दे रहा है, जिसके बाद उसे पुलिस लाइन भेज दिया गया।
एसएसपी अविनाश पांडे ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सड़क जाम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और प्रदर्शन में शामिल आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।