केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, पानी में उतरकर जताया विरोध
बुंदेलखंड क्षेत्र में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज़ में प्रदर्शन किया।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
बुंदेलखंड क्षेत्र में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज़ में प्रदर्शन किया। दर्जनों प्रदर्शनकारी पानी में उतर गए और प्रतीकात्मक रूप से चिता पर लेटकर तथा फांसी का फंदा गले में डालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
बताया जा रहा है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना देश की पहली ऐसी नदी जोड़ो परियोजना है, जिसके तहत केन और बेतवा नदियों को आपस में जोड़ने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना का उद्देश्य मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में सिंचाई की सुविधा बढ़ाना और पेयजल उपलब्ध कराना है।
हालांकि, परियोजना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का विरोध वर्ष 2024 से लगातार जारी है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के दौरान मुआवजे के वितरण में अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से निष्पक्ष जांच, उचित मुआवजा और प्रभावित परिवारों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।