ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले ईरान की अमेरिका और इसराइल को चेतावनी, भारत से भी जाएगा प्रतिनिधिमंडल
तेहरान, 3 जुलाई। ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले अमेरिका,
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
तेहरान, 3 जुलाई। ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले अमेरिका, इसराइल और उनके सहयोगियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि समारोह के दौरान या उसके आसपास ईरान के खिलाफ किसी भी प्रकार की सैन्य या आक्रामक कार्रवाई की गई, तो उसका करारा जवाब दिया जाएगा।
ईरान के ख़ातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा कि अंतिम संस्कार समारोह यह संदेश देगा कि ईरानी जनता अपने नेता की मौत का बदला लेने के संकल्प पर अडिग है। उन्होंने अमेरिका, इसराइल और उनके सहयोगियों से किसी भी प्रकार की "गलतफ़हमी या गलत आकलन" से बचने की अपील करते हुए कहा कि ईरान की सीमा या क्षेत्र के विरुद्ध किसी भी धमकी या आक्रामक कार्रवाई का ईरानी सशस्त्र बलों द्वारा कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
यह जानकारी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से संबद्ध तसनीम समाचार एजेंसी ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर जारी की।
उधर, तेहरान नगर पालिका ने अंतिम संस्कार को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर पालिका के सांस्कृतिक एवं सामाजिक मामलों के उप प्रमुख मोहम्मद अमीन तवाकलिज़ादेह के अनुसार, 4 से 8 जुलाई के बीच आयोजित होने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम में राजधानी तेहरान में डेढ़ से दो करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना है।
इस बीच, भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए 3 जुलाई को ईरान रवाना होंगे और अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होंगे।