कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम यथावत
नई दिल्ली, 1 अगस्त। तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार को 19
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली, 1 अगस्त। तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार को 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी राहत देते हुए देशभर में करीब 200 रुपये तक की कटौती की है। हालांकि, घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलो एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 192 रुपये सस्ता होकर 2,738 रुपये का हो गया है। वहीं, 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर की कीमत में 46.5 रुपये की कमी की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 762 रुपये हो गई है।
मुंबई में 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 194 रुपये घटाकर 2,691.50 रुपये कर दिए गए हैं। कोलकाता में सबसे अधिक 209 रुपये की कटौती की गई है, जिसके बाद यहां यह सिलेंडर 2,872.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 जुलाई को भी तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 183 रुपये प्रति रिफिल की कमी की थी। लगातार दूसरी बार हुई कटौती से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है।