डेटॉल के विज्ञापन पर चीन में विवाद, कंपनी ने मांगी माफी
बीजिंग, बुधवार। ब्रिटिश कीटाणुनाशक एवं एंटीसेप्टिक उत्पाद ब्रांड डेटॉल को चीन में अपने एक विज्ञापन को लेकर तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।
8NewsNetwork

चीन में एक विज्ञापन को लेकर विवादों में घिरी डेटॉल कंपनी ने माफी मांगते हुए विज्ञापन वापस ले लिया है।
बीजिंग, बुधवार। ब्रिटिश कीटाणुनाशक एवं एंटीसेप्टिक उत्पाद ब्रांड डेटॉल को चीन में अपने एक विज्ञापन को लेकर तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने माफी मांगते हुए विज्ञापन को वापस लेने की घोषणा की है।
करीब पांच मिनट लंबे इस विज्ञापन में एक पुरुष को अपने लिए ऐसी जीवनसाथी की तलाश करते हुए दिखाया गया था, जो “दूसरे पुरुषों से प्रभावित न हो।” विज्ञापन के अंत में कहानी में मोड़ आता है, जब उसकी नई साथी उसके स्त्री-विरोधी व्यवहार से नाराज होकर रिश्ता समाप्त कर देती है। इसके बाद डेटॉल को “ज़हरीली पुरुष मानसिकता” के खिलाफ एक प्रतीकात्मक समाधान के रूप में प्रस्तुत किया गया।
हालांकि, विज्ञापन प्रसारित होने के बाद चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसकी व्यापक आलोचना शुरू हो गई। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि विज्ञापन महिलाओं को एक वस्तु के रूप में प्रस्तुत करता है और लैंगिक समानता के सिद्धांतों के विपरीत है। कुछ लोगों ने कंपनी के उत्पादों के बहिष्कार की भी मांग की।
विवाद बढ़ने पर डेटॉल ने एक बयान जारी कर कहा कि विज्ञापन का उद्देश्य लैंगिक भेदभाव और स्त्री-विरोधी सोच को उजागर करना था, लेकिन इसके कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर संदर्भ से हटकर वायरल हो गए, जिससे मूल संदेश को गलत तरीके से समझा गया।
कंपनी ने विशेष रूप से महिलाओं से माफी मांगते हुए कहा कि यदि इस विज्ञापन से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उसे इसका खेद है। इसके साथ ही विवादित विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से हटाने का निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब डेटॉल किसी विज्ञापन को लेकर विवादों में घिरी हो। पिछले वर्ष भी कंपनी को एक विज्ञापन के कारण आलोचना झेलनी पड़ी थी, जिसमें विवाह से पहले एक लड़की को उसके “साफ़” (वर्जिन) न होने के कारण अस्वीकार किए जाने का संदर्भ दिखाया गया था। उस विज्ञापन को भी व्यापक विरोध के बाद वापस लेना पड़ा था।