राम मंदिर चढ़ावा विवाद: वीएचपी अध्यक्ष के पत्र पर कांग्रेस का पलटवार
नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के बाद अब कांग्रेस ने भी विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार के पत्र पर प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, वीएचपी अध्यक्ष आलोक कुमार ने इस मामले के जांच अधिकारी (आईओ) को पत्र लिखकर विपक्ष के कुछ नेताओं के बयान दर्ज किए जाने की मांग की थी। उनका कहना था कि जिन नेताओं ने चोरी के आरोप लगाए हैं, उनसे उपलब्ध साक्ष्य भी लिए जाने चाहिए।
इस पर कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पार्टी नेता पवन खेड़ा का बयान साझा करते हुए वीएचपी और सरकार पर निशाना साधा। पवन खेड़ा ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में हर दिन नए आरोप और नए दावे सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि विश्व हिंदू परिषद जांच अधिकारी को पत्र लिखकर प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव से चोरी के सबूत मांगने की बात कर रही है, तो इसका अर्थ यह हुआ कि "चोरी कोई और करे और सबूत कोई और दे?"
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दोषियों को पकड़ने की गंभीर कोशिश नहीं की जा रही है और इस पूरे मामले में राजनीतिक उद्देश्य साधने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, इस विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। मामले की जांच जारी है और अब तक जांच एजेंसियों की ओर से किसी अंतिम निष्कर्ष की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।