हाथरस में सीएम योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- 'अयोध्या को राम भक्तों ने संवारा, अब पश्चाताप करें'
मंदिरों के सौंदर्यीकरण और अयोध्या के विकास को लेकर सपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज
8NewsNetwork

हाथरस में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। इस दौरान उन्होंने अयोध्या और मंदिरों के विकास को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।
हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में आयोजित एक जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अयोध्या के विकास, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पूर्ववर्ती सपा सरकार की नीतियों को लेकर कई सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने शनिवार को अखिलेश यादव का वह बयान पढ़ा, जिसमें सपा प्रमुख ने सत्ता में आने पर अयोध्या को एक आदर्श धार्मिक नगरी बनाने का संकल्प जताया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए योगी ने कहा, "आप क्या धार्मिक नगरी बनाएंगे, पहले अपना इतिहास देखिए। राम भक्तों पर गोली आपके लोगों ने ही चलाई थी। आपकी सरकार ने ही गोली चलवाई थी।"
उन्होंने हाथरस में मंदिरों के सौंदर्यीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में 22 से अधिक मंदिरों का विकास कराया गया है। योगी ने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान ऐसा संभव नहीं था। उन्होंने कहा, "उस समय पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के लिए जाता था, जिसे हमारी सरकार ने मंदिरों के विकास की ओर डायवर्ट किया।"
दरअसल, अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा था कि यदि उनकी सरकार बनती है तो अयोध्या को ऐसी धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सच्ची आध्यात्मिकता का अनुभव हो सके।
अखिलेश के इसी बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "अयोध्या को तो राम भक्तों ने सजा और संवार दिया है। आप उसकी चिंता मत करिए, पश्चाताप करिए और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, इससे आपको फिर सद्बुद्धि आएगी।"
अयोध्या के विकास को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। दोनों दल धार्मिक और विकास संबंधी मुद्दों पर एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।