सीबीआई कार्यालय के बाहर अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच को लेकर प्रदर्शन
देहरादून, गुरुवार। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच में प्रगति की मांग को लेकर गुरुवार को देहरादून स्थित सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया।
vikas katariya

Media via 8NewsNetwork
देहरादून, गुरुवार। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच में प्रगति की मांग को लेकर गुरुवार को देहरादून स्थित सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने जांच की प्रगति पर सवाल उठाते हुए सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रतीकात्मक तालाबंदी की। उनका आरोप था कि पुलिस ने मुख्य प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी कार्यालय के दूसरे प्रवेश द्वार तक पहुंचे और वहां भी प्रतीकात्मक रूप से ताला लगाया।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, बाद में सीबीआई अधिकारी कार्यालय से बाहर आए और प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। इस दौरान आंदोलनकारियों ने जांच की वर्तमान स्थिति, कथित ‘वीआईपी’ की पहचान सार्वजनिक न किए जाने, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और अजय कुमार से पूछताछ न होने, बुलडोजर कार्रवाई के दौरान संभावित साक्ष्य नष्ट किए जाने के आरोपों, पिछले छह महीनों में जांच की प्रगति तथा अंकिता भंडारी के माता-पिता के बयान अब तक दर्ज न किए जाने जैसे मुद्दों पर जवाब मांगा।
आंदोलनकारियों का कहना है कि अधिकारियों के जवाब संतोषजनक नहीं थे। इसके बाद उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार पर भी प्रतीकात्मक रूप से ताला जड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।
संघर्ष मंच ने चेतावनी दी कि यदि जांच में जल्द ठोस प्रगति नहीं हुई और उठाए गए सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं मिले, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।