मेरठ: दलित महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भीम आर्मी का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
मेरठ में दलित और अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ बढ़ते उत्पीड़न और जघन्य अपराधों के विरोध
8NewsNetwork
Media via 8NewsNetwork
मेरठ में दलित और अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ बढ़ते उत्पीड़न और जघन्य अपराधों के विरोध में भीम आर्मी संगठन ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला अध्यक्ष अंकुर घाट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और मेरठ के जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान संगठन ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति और पीड़ित परिवारों को समय पर सरकारी सहायता न मिलने को लेकर नाराजगी जताई। भीम आर्मी ने आरोप लगाया कि सरकारी प्रक्रियाओं में देरी के कारण पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और पुनर्वास का लाभ समय पर नहीं मिल पाता।
इस दौरान संगठन ने मेरठ के कु० ललिता गौतम हत्याकांड का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संगठन के अनुसार मृतका का अपहरण कर उसकी हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए संगठन ने जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी या विशेष जांच दल (SIT) की निगरानी में कराने की मांग की।
संगठन ने मामले में फरार बताए जा रहे मुख्य आरोपियों अंकित और हनी उर्फ निशांत की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, विशेष आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी और न्याय दिलाने की मांग उठाई।
भीम आर्मी ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।