कांधला में मिली सूडान की लापता महिला, पुलिस ने परिजनों से मिलाया
दिल्ली से भटककर शामली पहुंची थी महिला, तलाश के लिए घोषित था 30 हजार रुपये का इनाम
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
कांधला (शामली)। कांधला क्षेत्र के गांव जसाला के निकट 23 अक्टूबर को लावारिस हालत में मिली सूडान की महिला को पुलिस ने उसके परिजनों से मिला दिया। महिला मानसिक रूप से बीमार बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को गांव जसाला के निकट ग्रामीणों ने एक विदेशी महिला को भटकते हुए देखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ की, लेकिन वह अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। महिला अरबी भाषा बोल रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया, जहां काउंसलिंग के दौरान उसने खुद को सूडान का निवासी बताया।
महिला के विदेशी नागरिक होने की जानकारी मिलने पर एसपी एनपी सिंह ने लखनऊ स्थित विदेशी पंजीकरण अधिकारी से संपर्क किया। महिला की फोटो भेजकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया गया। जांच में महिला की पहचान इसरा (32) निवासी सूडान के रूप में हुई। वह मानसिक रूप से बीमार है और उपचार के लिए अपने पिता, मां व भाई के साथ मेडिकल वीजा पर करीब छह महीने से नोएडा में रह रही थी। उसका वीजा फरवरी 2027 तक वैध है।
पुलिस के मुताबिक, महिला दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई थी। परिजनों ने 14 अक्टूबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस ने उसकी तलाश के लिए 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। अंतिम बार उसे 14 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे नई दिल्ली की बड़ी मस्जिद के पास देखा गया था।
शामली पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की और महिला को उनके सुपुर्द कर दिया।