भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में एसटीएफ जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार
भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में एसटीएफ जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। परिजनों ने इसे न्याय की दिशा में पहला कदम बताते हुए मामले में शामिल अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग की है।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
भोजपुर (बिहार)। भोजपुर जिले के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज ने बीबीसी से इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तारी गुरुवार देर रात की गई।
गिरफ्तारी के बाद भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि उनके बेटे पर पहली गोली अक्षय कुमार ने चलाई थी। उन्होंने मामले में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों की भी गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद ही कार्रवाई संभव हो सकी।
वहीं, भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी ने कहा कि एक आरोपी की गिरफ्तारी से उन्हें संतोष मिला है और उन्हें उम्मीद है कि मामले में आगे भी निष्पक्ष कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी की पुलिस एनकाउंटर के बाद मौत हो गई थी। 24 जुलाई को उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मामले में न्याय की मांग की थी। इससे पहले राज्य सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया था।