मुंबई समेत महाराष्ट्र में बारिश का कहर, स्कूल-कॉलेज बंद; पुणे में चार की मौत
मुंबई, 7 जुलाई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
मुंबई, 7 जुलाई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुंबई में मंगलवार सुबह तेज़ हवाओं और घने बादलों के बीच लोगों की नींद खुली। मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज़ हवाओं की आशंका को देखते हुए शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों और कॉलेजों में मंगलवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। सोमवार से जारी मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में कई सड़कें जलमग्न हो गईं, पेड़ उखड़ गए तथा दीवार और होर्डिंग गिरने की कई घटनाएं सामने आईं।
मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट का अर्थ है कि लोग बेहद खराब मौसम के लिए तैयार रहें। इस दौरान जनजीवन प्रभावित हो सकता है, यातायात बाधित होने की आशंका रहती है और बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है। चार रंगों वाली चेतावनी प्रणाली में ऑरेंज अलर्ट तीसरे स्तर की चेतावनी है, जो येलो अलर्ट से अधिक गंभीर और रेड अलर्ट से एक स्तर नीचे होती है।
इस बीच, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बाइपास पर मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग सोमवार रात करीब 18 घंटे तक बंद रहने के बाद दोबारा खोल दिया गया। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की वजह से यह मार्ग बंद करना पड़ा था।
उधर, पुणे जिले में भारी बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिनकी जान भूस्खलन और दीवार गिरने की घटना में गई। वहीं दो अन्य लोग तेज बहाव में बह गए। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।