मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में जोरदार धमाका, तीन लोग गंभीर घायल
जेसीबी से नाले की खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन, गैस रिसाव के बाद हुआ विस्फोट; मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में नाले के निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन में धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना गोबरसही स्थित श्रीनगर कॉलोनी की है। यहां नाले का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई करते समय गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के क्षेत्र में नुकसान पहुंचा।
मुजफ्फरपुर पूर्वी के एसडीएम आनंद उत्सव ने बताया कि शुरुआती जानकारी में गैस रिसाव के कारण धमाका होने की बात सामने आई है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि हताहतों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती।
वहीं, केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने घटना पर चिंता जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि उन्होंने जिलाधिकारी से बात कर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए हैं।