कोटा में एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, टेम्पो ट्रैवलर नाले में गिरी; आठ की मौत
एक दर्जन से अधिक घायल, मध्य प्रदेश के रहने वाले थे सभी यात्री
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
राजस्थान के कोटा में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। सिमलिया के पास एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में गाड़ी का चालक भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच हुई। टेम्पो ट्रैवलर में मध्य प्रदेश के रहने वाले लोग सवार थे। घायलों को कोटा के जिला अस्पताल और न्यू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव कोटा के जिला अस्पताल में रखवाए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि 26 सीटों वाली टेम्पो ट्रैवलर एक्सप्रेसवे से नीचे नाले में गिर गई थी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घायलों का अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।