सौरव दास का आरोप: परिवार को डराने के लिए पुलिस कार्रवाई, केंद्र के इशारे पर साजिश का दावा
पुडुचेरी। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
पुडुचेरी। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार को डराने-धमकाने के उद्देश्य से पुडुचेरी पुलिस ने उनके घर पहुंचकर पूछताछ की। उन्होंने इस कार्रवाई को केंद्र सरकार के इशारे पर की गई कार्रवाई बताते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दावा किया कि बुधवार को पुडुचेरी पुलिस उनके परिवार के घर पहुंची और परिजनों से कई तरह के सवाल पूछकर उन्हें परेशान किया। उन्होंने सवाल उठाया कि इस कार्रवाई का आदेश किसने दिया और इसका उद्देश्य क्या था।
दास ने इस मामले को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया पुडुचेरी दौरे से भी जोड़ते हुए सवाल किया कि शाह के पुडुचेरी दौरे के दौरान गृह मंत्री और उपराज्यपाल से हुई मुलाकात में क्या उनके परिवार को डराने की रणनीति पर चर्चा हुई थी।
उन्होंने पुडुचेरी के उपराज्यपाल को लेकर भी दावा किया कि गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्हें कथित तौर पर उनके ‘आंख और कान’ के रूप में जाना जाता था।
सौरव दास ने आरोप लगाया कि पुडुचेरी की भाजपा सरकार उनके परिवार को डराने-धमकाने का काम कर रही है और यह कार्रवाई केंद्र सरकार के इशारे पर की जा रही है। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस या केंद्र सरकार की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।