मेरठ: पश्चिम प्रदेश निर्माण संयुक्त मोर्चा का प्रतिनिधि सम्मेलन, अलग प्रदेश के लिए एकजुट हुए कई संगठन
मेरठ, उत्तर प्रदेश: पश्चिम प्रदेश निर्माण संयुक्त मोर्चा की ओर से
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
मेरठ, उत्तर प्रदेश: पश्चिम प्रदेश निर्माण संयुक्त मोर्चा की ओर से चैंबर ऑफ कॉमर्स, मेरठ में प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संयुक्त मोर्चा से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडलों के सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएसपी धरमबीर सिंह मलिक ने की, जबकि संचालन हिमांशु सिंह ने किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय खेल मोर्चा, शोषित क्रांति दल, अधिकारी कल्याण परिषद, नव राज्य निर्माण संघ, बार एसोसिएशन और हाई कोर्ट संघर्ष समिति समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कर्नल सुधीर चौधरी, केंद्रीय महासचिव ने आंदोलन की अब तक की गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए आगामी रणनीति की जानकारी दी। वहीं, केंद्रीय अध्यक्ष सतपाल यादव ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक दलों पर दबाव बनाने और अगले दो महीनों में बड़े कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सभी संगठनों से सहयोग की अपील की।
शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में पारित प्रस्ताव का हवाला देते हुए प्रदेश को चार राज्यों में बांटने के प्रस्ताव को लागू कराने की मांग उठाई।
मेरठ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष केपी शर्मा ने सभी बार एसोसिएशनों की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया। सम्मेलन में किसान यूनियन सहित कई अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और अपने सुझाव रखे।
अधिकारी कल्याण परिषद की ओर से कर्नल सुधीर चौधरी, ओमवीर सिंह वीरवाल और बाबूराम बालियान तथा राष्ट्रीय खेल मोर्चा की ओर से डीएसपी जगराज सिंह और शिव कौशिक ने आंदोलन में उच्च स्तर पर आपसी तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं नव राज्य निर्माण संघ की ओर से कमलेश झा ने भी समन्वय के साथ आगे बढ़ने की बात कही।
सम्मेलन में सभी संगठनों ने पश्चिम प्रदेश निर्माण की मांग को लेकर एकजुटता और आपसी समन्वय का परिचय दिया। प्रतिनिधियों ने जल्द से जल्द नए प्रदेश के गठन की दिशा में संयुक्त रूप से आगे बढ़ने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया।